सरायकेला: कुचाई प्रखंड के रूगुडीह पंचायत अंतर्गत बिरगामडीह फुटबॉल मैदान में एमएमबी राधु क्लब की ओर से एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. रोमांचक फाइनल मुकाबले में दंगल एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि गिलुवा एफसी उपविजेता रहा.


समापन समारोह में मुख्य अतिथि रूगुडीह पंचायत के मुखिया करम सिंह मुंडा और पूर्व मुखिया लखीराम मुंडा ने विजेता दंगल एफसी को 20 हजार रुपये तथा उपविजेता गिलुवा एफसी को 15 हजार रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया. तृतीय एवं चतुर्थ स्थान हासिल करने वाली टीमों को 5,500- 5,500 रुपये का पुरस्कार दिया गया.
मुखिया करम सिंह मुंडा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है. ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और खेल के प्रति रुचि बढ़ाती हैं. पूर्व मुखिया लखीराम मुंडा ने भी ग्रामीण खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से जारी रखने पर जोर दिया. मौके पर रामरतन मुंडा, मधु चरण मुंडा, वासुदेव सिंह मुंडा, महावीर मुंडा, गुरवा मुंडा और हरिदेव सिंह मुंडा समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित थे.

