जमशेदपुर: मरीन ड्राइव पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के शोकाकुल परिवारों से शनिवार को झामुमो युवा नेता सन्नी सिंह ने मुलाकात की. उन्होंने परिजनों के बीच बैठकर उनका दुख साझा किया और दिवंगत युवाओं को श्रद्धांजलि अर्पित की. उल्लेखनीय है कि 24 सितंबर को हुए इस हादसे में इन तीनों के साथ मंत्री दीपिका पांडे की छोटी पुत्री तृषा सिंह की भी मौत हुई थी.


सन्नी सिंह ने कहा कि इतनी कम उम्र में बच्चों का इस तरह चले जाना किसी भी परिवार के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है. ऐसे समय में शब्द भी परिवार के दुख को कम नहीं कर सकते. उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में वे और उनके साथी परिवारों के साथ खड़े हैं.
उन्होंने कहा कि किसी दुखद घटना के बाद संवेदना केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए. समाज की जिम्मेदारी है कि पीड़ित परिवारों के साथ मानवीय रूप से खड़ा रहे और उन्हें यह महसूस कराए कि इस दुख की घड़ी में वे अकेले नहीं हैं. इस दौरान रॉबिन हांसदा, राजू सिंह सरदार, सुकुमार घोष और सुजल स्वर्णकार समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे.

