
जामताड़ा: मोहर्रम पर्व को लेकर जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. शुक्रवार को जिले भर में 83 अनुज्ञप्ति प्राप्त अखाड़ों का भव्य जुलूस निकाला जाएगा. जामताड़ा सदर प्रखंड क्षेत्र में 13 अखाड़ों को जुलूस निकालने की अनुमति दी गई है.


मोहर्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से ताजिया, निशान और पारंपरिक अखाड़ा दल जुलूस में शामिल होंगे. जुलूस के दौरान पारंपरिक शौर्य प्रदर्शन और युद्धकला का प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा.

पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है. संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है. पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस लाइन में विशेष मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई.
धार्मिक विद्वानों ने मोहर्रम को त्याग, बलिदान, सत्य और इंसानियत का संदेश देने वाला पर्व बताया. वहीं प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






