साहिबगंज: कोर्ट परिसर को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है. महज 10 दिनों के भीतर यह दूसरी घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. इस बार अज्ञात व्यक्ति द्वारा ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई है.

सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया. आम लोगों की आवाजाही पर तत्काल रोक लगा दी गई. इसके बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया. हालांकि जांच के दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है.
घटना के बाद कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए गए हैं. अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और हर आने-जाने वाले व्यक्ति की सख्ती से जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार धमकी भरे ईमेल की गंभीरता से जांच की जा रही है. साइबर सेल की टीम ईमेल भेजने वाले की पहचान में जुटी है और तकनीकी आधार पर सुराग तलाशे जा रहे हैं. प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों की पहचान होते ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

