सरायकेला/ Pramod Singh जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र के मिरुडीह गांव में अवैध अंग्रेजी शराब के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है. उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर देर रात छापेमारी कर नकली शराब बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया.

रविवार रात शुरू हुई कार्रवाई सोमवार सुबह तक जारी रही. छापेमारी के दौरान टीम ने भारी मात्रा में नकली अंग्रेजी शराब, विभिन्न ब्रांड की खाली बोतलें, ढक्कन, स्टिकर, केमिकल से भरे ड्रम और निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए. इससे स्पष्ट है कि यहां लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध शराब का निर्माण और सप्लाई किया जा रहा था.
स्थानीय लोगों के अनुसार, मिरुडीह और आसपास के क्षेत्रों में यह धंधा काफी समय से चल रहा था, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं.
फिलहाल पुलिस और उत्पाद विभाग पूरे मामले की गहन जांच में जुटे हैं. इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. हालांकि, इस कार्रवाई के बाद उत्पाद विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं. सूत्रों के अनुसार, जहां “टोकन मनी” नहीं मिलता, वहीं छापेमारी होने के आरोप चर्चा में हैं. अब देखना होगा कि इस बड़े खुलासे के बाद प्रशासन केवल कार्रवाई तक सीमित रहता है या पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए ठोस कदम उठाता है.

