बोकारो: जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र स्थित कुर्मीडीह में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. आरोप है कि रात करीब 1:30 बजे चार नकाबपोश बदमाशों ने एक ठेका कर्मी के घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और उसके साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं.


पीड़ित की पहचान बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के ठेका कर्मी सुरेश साव के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि घटना के समय वह घर में अकेले सो रहे थे. इसी दौरान नकाबपोश बदमाश घर में घुसे और उन्हें बंधक बनाकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ गंभीर शारीरिक उत्पीड़न भी किया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उन्हें अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए.
सुबह होश आने के बाद सुरेश साव ने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही बालीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित का बयान दर्ज किया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.
पीड़ित सुरेश साव ने बताया कि उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है. वह बाहर से आकर बोकारो में रहकर काम करते हैं. हालांकि उन्होंने आशंका जताई है कि किसी पुरानी रंजिश के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है. सभी हमलावर नकाब पहने हुए थे, इसलिए उनकी पहचान नहीं हो सकी है.
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. इस घटना के बाद इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है. लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



