चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत गैस गोदाम रोड स्थित भाभी होटल चौक के समीप सड़क किनारे 20 रुपये के नोट का आधा हिस्सा पड़ा मिलने से क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा. स्थानीय लोगों की नजर जब फटे हुए नोट पर पड़ी, तो देखते ही देखते यह बात आसपास के लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे पड़े आधे नोट को देखने के लिए कई लोग वहां रुकने लगे. लोगों ने इस पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं देते हुए कहा कि भारतीय मुद्रा का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है. उनका मानना है कि नोट चाहे 10 रुपये का हो, 20 रुपये का हो या किसी भी मूल्य का, उसे फाड़कर या क्षतिग्रस्त कर सार्वजनिक स्थान पर फेंकना उचित नहीं है.
स्थानीय लोगों ने कहा कि मुद्रा केवल कागज का एक टुकड़ा नहीं होती, बल्कि देश की आर्थिक व्यवस्था और राष्ट्रीय सम्मान का प्रतीक होती है. ऐसे में किसी भी नोट को जानबूझकर फाड़कर सड़क पर फेंकना गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार माना जाना चाहिए.
लोगों ने मामले की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने जानबूझकर नोट को फाड़कर फेंका है, तो उसके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए. हालांकि, कुछ लोगों का यह भी कहना है कि संभव है यह नोट पहले से ही फटा हुआ हो और किसी व्यक्ति के पास से अनजाने में सड़क पर गिर गया हो. ऐसे में बिना जांच के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा.
इसके बावजूद क्षेत्र के लोगों का मानना है कि मुद्रा के प्रति सम्मान बनाए रखने के लिए व्यापक जनजागरूकता आवश्यक है. भाभी होटल चौक जैसे व्यस्त इलाके में फटे हुए नोट का सड़क किनारे पड़े रहना दिनभर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा.
स्थानीय नागरिकों ने लोगों से अपील की है कि वे भारतीय मुद्रा का सम्मान करें तथा किसी भी प्रकार की क्षतिग्रस्त मुद्रा मिलने पर उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत बैंक में जमा कर बदलवाने का प्रयास करें, न कि उसे सार्वजनिक स्थानों पर फेंकें.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक



