जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नरवेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल में शुक्रवार को छुट्टी के बाद उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ बाहरी युवकों ने 12वीं कक्षा के एक छात्र के साथ जमकर मारपीट की. इस घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया.

घायल छात्र की पहचान सौम्य कुमार के रूप में हुई है, जो नरवेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र बताया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल की छुट्टी होने के बाद छात्र परिसर से बाहर निकल रहा था, तभी पहले से घात लगाए कुछ बाहरी युवक वहां पहुंचे और अचानक उस पर हमला कर दिया. हमलावरों ने छात्र के साथ लात-घूंसे और डंडे से मारपीट की, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा. प्रत्यक्ष दर्शियो के अनुसार बाहरी युवकों ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया है. दावा किया जा रहा है कि इस मारपीट में चाकूबाजी भी हुईं है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. पुलिस और स्कूल प्रबंधन की ओर से मामले पर स्पष्ट तौर पर कुछ भी जानकारी नहीं दी गई है.
देखिए video👇
https://www.facebook.com/share/v/17t9CEjdqp/
घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य छात्रों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए. सूचना मिलने पर घायल छात्र को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार छात्र की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उसे निगरानी में रखा गया है.
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस स्कूल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
इस घटना के बाद स्कूल के छात्रों और अभिभावकों में भय और आक्रोश का माहौल है. लोगों ने स्कूल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने की मांग की है.

