चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले में अवैध लॉटरी के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने रविवार को चांडिल बाजार में छापामारी अभियान चलाया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर जांच की.


पुलिस की कार्रवाई से अवैध लॉटरी का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया. टीम ने लॉटरी टिकटों की बिक्री और उससे जुड़े संदिग्ध गतिविधियों की जांच की. पुलिस ने दुकानदारों और आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की तथा अवैध रूप से लॉटरी का कारोबार संचालित किए जाने की जानकारी जुटाई.

थाना प्रभारी संतन तिवारी ने स्पष्ट किया कि बिना वैध अनुमति लॉटरी का संचालन अथवा बिक्री कानूनन अपराध है. पुलिस ऐसे कारोबार से जुड़े लोगों पर लगातार नजर रख रही है. उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सूचना मिलने पर आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी.
पुलिस के अनुसार छापामारी अभियान का उद्देश्य चांडिल बाजार समेत थाना क्षेत्र में अवैध लॉटरी के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाना है. पुलिस टीम ने बाजार में संदिग्ध दुकानों और स्थानों पर विशेष निगरानी रखी. कार्रवाई के बाद स्थानीय कारोबारियों में भी हड़कंप देखा गया.

पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि क्षेत्र में कहीं अवैध लॉटरी की बिक्री या संचालन की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

