खगड़िया: बिहार के खगड़िया जिले में गुरुवार को आकाशीय बिजली ने कहर बरपाया. तेज बारिश के बीच अलग-अलग स्थानों पर वज्रपात की घटनाओं में पिता-पुत्र समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है.


जानकारी के अनुसार, हादसा जिले के पौरा सहायक थाना और बेलदौर थाना क्षेत्र में हुआ. बताया जा रहा है कि कई किसान खेतों में मक्का की फसल की कटनी करा रहे थे. इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने की कोशिश कर रहे लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले आकाशीय बिजली गिर गई और कई लोग इसकी चपेट में आ गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वज्रपात इतना तेज था कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में एक पिता और उनका पुत्र भी शामिल हैं, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
वहीं तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह से ही खगड़िया जिले में लगातार झमाझम बारिश हो रही थी. इसी दौरान हुई वज्रपात की घटनाओं ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. हादसे के बाद प्रभावित गांवों में शोक का माहौल है.
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. साथ ही लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और खेतों में जाने से बचने की अपील की गई है.
Edited By Sarita Mahato

