हाजीपुर: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के 79वें जन्मदिन के अवसर पर वैशाली जिले के भगवानपुर में अनोखे अंदाज में जश्न मनाया गया. राजद के वरिष्ठ नेता केदार प्रसाद यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ढोल- नगाड़ों और मृदंग की धुन पर जन्मदिन समारोह आयोजित किया. इस दौरान कुछ कार्यकर्ता पेड़ों पर चढ़े, जबकि केक काटने के लिए जेसीबी मशीन का भी इस्तेमाल किया गया.


समारोह के दौरान लालू प्रसाद यादव के समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला. कार्यकर्ताओं ने केक काटकर अपने नेता के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की. कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में राजद समर्थक मौजूद रहे.
हालांकि जश्न के बीच एक अप्रत्याशित घटना भी हो गई. जानकारी के अनुसार, समारोह के दौरान राजद नेता केदार प्रसाद यादव जेसीबी मशीन पर चढ़े हुए थे. इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे जमीन पर गिर पड़े. घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरा- तफरी की स्थिति बन गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई.

केदार प्रसाद यादव ने कहा कि लालू प्रसाद यादव सामाजिक न्याय के प्रतीक हैं और करोड़ों लोगों की आवाज हैं. उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि लालू प्रसाद यादव स्वस्थ रहें और हजारों वर्षों तक लोगों का मार्गदर्शन करते रहें.
जन्मदिन समारोह को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा. कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी और लालू यादव के दीर्घायु होने की कामना करते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए.

