जमुई: टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा राजपुरा के पास घूमने गई एक युवती के साथ कुछ युवकों द्वारा कथित रूप से छेड़छाड़ किए जाने का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है. वीडियो को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.


मामले में जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को मिली है. पीड़िता जमुई की रहने वाली है और पुलिस ने उससे संपर्क कर घटना के संबंध में जानकारी ली है.
एसपी के अनुसार वायरल वीडियो की जांच कर उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस वीडियो के साथ घटना की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है. फिलहाल वीडियो में नजर आ रहे किसी भी व्यक्ति की पहचान को आधिकारिक पुष्टि से पहले सार्वजनिक नहीं किया गया है.

