जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र में चोरों ने मल्लिक प्लाईवुड एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड को निशाना बनाकर करीब पांच लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. सोमवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक को कार्यालय अस्त-व्यस्त मिला, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई.


सूचना पर डीएसपी विधि व्यवस्था सुमित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. फुटेज में दो संदिग्धों की गतिविधियां दिखाई देने की बात सामने आई है.
ग्रिल काटी, शीशा तोड़ा और अंदर घुसा
CCTV फुटेज के अनुसार रात करीब 1:20 बजे एक संदिग्ध दुकान के ऊपरी हिस्से में पहुंचा. आरोप है कि उसने ग्रिल का तार काटने के बाद शीशा तोड़ा और दुकान के अंदर दाखिल हुआ. इसके बाद कार्यालय में रखी फाइलों और अन्य सामान को खंगाला. इस दौरान CCTV कैमरे की दिशा बदलने की कोशिश भी की गई, लेकिन उसकी गतिविधियां कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं.
नकदी और लैपटॉप समेत कई सामान गायब
दुकान संचालक सुमित मलिक के अनुसार एक लाख रुपये से अधिक नकद, एक लैपटॉप, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, चांदी के सिक्के और एक ग्राम सोने का सिक्का गायब है. कुछ महत्वपूर्ण फाइलें एवं दस्तावेज भी नहीं मिल रहे हैं. संचालक ने प्रारंभिक तौर पर चोरी गए सामान की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई है.
फुटेज में दूसरा संदिग्ध दुकान के बाहर स्कूटी के साथ इंतजार करता दिखाई दे रहा है. अंदर गया संदिग्ध सामान लेकर बाहर निकला, जिसके बाद दोनों स्कूटी से चले गए.
पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है. आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज और उनके संभावित भागने के रास्तों की भी जांच की जा रही है.

