आदित्यपुर: मुस्लिम बस्ती निवासी 24 वर्षीय राज अंसारी पिछले 6 दिनों से लापता है. उसके अचानक गायब हो जाने से परिवार गहरे सदमे और चिंता में है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और लगातार उसकी तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है.

लापता युवक की पत्नी आलिया खातून ने बताया कि राज अंसारी रोजी- रोटी के सिलसिले में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जाने वाले थे. घटना वाले दिन सुबह करीब 8:30 बजे वह घर से निकले. उनके पास कपड़ों से भरा एक बैग और मोबाइल फोन था. उन्होंने बताया था कि वह टाटानगर रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ेंगे. पत्नी के अनुसार, घर से निकलने के करीब आधे घंटे बाद जब उन्होंने फोन किया तो मोबाइल बंद मिला. शुरुआत में नेटवर्क की समस्या समझी गई, लेकिन काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर चिंता बढ़ गई. इसके बाद परिवार ने रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों से संपर्क किया, लेकिन कहीं से भी कोई जानकारी नहीं मिली.
परिजनों ने बिलासपुर स्थित कंपनी में भी संपर्क किया, जहां ठेकेदार ने बताया कि राज अंसारी वहां पहुंचे ही नहीं. इस सूचना के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई है. राज अंसारी का कद लगभग 5 फुट 5 इंच है और रंग सांवला है. लापता होने के समय उन्होंने काले रंग की जींस पैंट और सादे रंग की गंजी पहन रखी थी. उनके पास एक बैग भी था.
पत्नी आलिया खातून ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है. उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को राज अंसारी के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत परिवार या नजदीकी पुलिस को सूचित करें. परिवार को उम्मीद है कि लोगों के सहयोग से राज अंसारी जल्द सकुशल घर लौट आएंगे.

