आदित्यपुर: जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 17 की वार्ड पार्षद नीतू शर्मा ने जयप्रकाश उद्यान के निवासियों के साथ एक बार पुनः वन विभाग सरायकेला एवं जमशेदपुर के DFO से मुलाकात की. इस दौरान HYDT बोरिंग, हाईमास्ट लाइट लगाने तथा स्काई रेजीडेंसी के पास बची हुई सड़क के निर्माण को लेकर अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने की मांग रखी गई.


वार्ड पार्षद ने DFO के समक्ष स्थानीय लोगों की समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को विस्तार से रखा. उन्होंने बताया कि NOC नहीं मिलने के कारण क्षेत्र में इन विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में परेशानी हो रही है.
मामले को गंभीरता से सुनने के बाद DFO ने आश्वस्त किया कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर दिया जाएगा. DFO ने जनहित से जुड़े मुद्दों को ध्यानपूर्वक सुना और कहा कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल जानकारी दें, ताकि उसका समाधान किया जा सके.
वार्ड पार्षद नीतू शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के लिए संबंधित विभागों से लगातार संपर्क किया जा रहा है.

