जामताड़ा: जिले की मिहिजाम पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से भारी मात्रा में विदेशी शराब भी बरामद की है. गिरफ्तार सभी आरोपियों को मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.


मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि नियमित गश्ती के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध विदेशी शराब की खेप लेकर बिहार ले जाने की तैयारी में हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने मिहिजाम हटिया रोड पर सघन जांच अभियान चलाया.
जांच के दौरान पुलिस ने पांच संदिग्ध लोगों को पकड़ा और तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस के अनुसार जब्त शराब को अवैध तरीके से बिहार पहुंचाने की योजना थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क को पकड़ लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की साव, मिथिलेश पासवान, संजय मालाकार, गोविंद मालाकार और राहुल कुमार के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी शराब तस्करी के धंधे में शामिल थे और उनसे पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है.
बिहार में शराबबंदी के कारण झारखंड के सीमावर्ती जिलों से लगातार शराब तस्करी की कोशिशें होती रहती हैं. ऐसे में मिहिजाम पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है. पुलिस ने साफ किया है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कारोबार पर रोक लगाने में मदद मिलेगी.
Report- Manish Baranwal

