आदित्यपुर: मंगलवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता और समाजसेवी राधे प्रसाद यादव के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष एवं राजद प्रदेश महासचिव सह पूर्वी सिंहभूम प्रभारी पुरेंद्र नारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की.

सभा को संबोधित करते हुए पुरेंद्र नारायण सिंह भावुक हो उठे और कहा कि 1990 से मैं राधे यादव जी का हनुमान बनकर काम करता रहा हूं. वे मेरे अभिभावक और राजनीतिक गुरु थे. उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है. राधे यादव कोल्हान में सामाजिक न्याय की लड़ाई के मजबूत स्तंभ थे. उनके निधन से क्षेत्र ने एक सच्चा जनसेवक खो दिया है.
राधे प्रसाद यादव मूल रूप से बिहार के सिवान जिले के बंगरा गांव के निवासी थे और लंबे समय से जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की राजनीति एवं समाजसेवा में सक्रिय थे. उन्होंने 1995 और 2000 में जनता दल के टिकट पर जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा से चुनाव भी लड़ा था. वे जिला 20 सूत्री कार्यक्रम समिति के उपाध्यक्ष सहित जेल समिति और कई सरकारी निकायों में भी सदस्य रहे.
श्रद्धांजलि सभा में उमाशंकर राम, रामजी प्रसाद, सिद्धनाथ सिंह यादव, राजेश्वर पंडित, देवप्रकाश देवता, उदित यादव, अश्विनी सिंह यादव, प्रभास कुमार झा, मिथिलेश झा, अवधेश कुमार, एमएम सिंह, अधिवक्ता संजय कुमार, रघुनाथ प्रसाद सिंह, सिमरन मेहरा, आलोक यादव, सोनू पासवान, सुनील कुमार शर्मा, भुनेश्वर यादव और ओमप्रकाश सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे.
दिवंगत नेता का श्राद्धकर्म एवं कुटुंबभोज 13 सितम्बर को शाम 6 बजे एग्रीको स्थित राजद कार्यालय के पास मैदान में आयोजित होगा, जिसमें करीब 5000 लोगों के जुटने की संभावना है. इस अवसर पर झारखंड सरकार के मंत्री संजय प्रसाद यादव भी शामिल होंगे. श्रद्धांजलि सभा के दौरान राजद नेताओं ने संकल्प लिया कि राधे यादव के अधूरे सपनों को पूरा करते हुए सामाजिक न्याय की लड़ाई को और मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा.

