
आदित्यपुर: थाना के नवनियुक्त थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अंजनी कुमार से मंगलवार को आदित्यपुर गम्हरिया विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पूर्व आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने किया. इस दौरान समिति की ओर से थाना प्रभारी का बुके और शॉल भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया.


मुलाकात के दौरान पुरेंद्र नारायण सिंह ने अंजनी कुमार की कार्यशैली पर विश्वास जताते हुए कहा कि आदित्यपुर जैसे सामाजिक और औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र के लिए एक अनुभवी अधिकारी की नियुक्ति हुई है. उन्होंने इसके लिए पुलिस अधीक्षक का आभार भी व्यक्त किया.
बैठक में क्षेत्र की कानून- व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई. समिति की ओर से मांग की गई कि अपराध नियंत्रण के लिए समय- समय पर सघन एंटी- क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जाए. साथ ही आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के खेल मैदानों, स्कूलों और कॉलेजों के आसपास नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके और आम नागरिकों एवं विद्यार्थियों को सुरक्षित माहौल मिल सके.
समिति के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन को क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया. इस अवसर पर कमलेश्वरी पासवान, संध्या प्रधान, मनोज पासवान, एसएन यादव, सत्येंद्र प्रभात, संतोष यादव, उदित यादव, कुमार विपिन बिहारी प्रसाद, सोनू पासवान, अवधेश कुमार, संदीप राउत, मिथिलेश कुमार झा, विनोद कुमार सिंह, शैलेंद्र कुमार और संतोष कुमार सिंह सहित विकास समिति के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे.
Edited By Sarita






