जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र के चेपापुल- पारडीह रोड स्थित इलाईट सहाना प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन बिल्डिंग से बिजली के तार चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 65 किलो कॉपर तार बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.


मामले में आजादनगर थाना कांड संख्या 53/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी मोहम्मद शाहरुख उर्फ उमर शाहरुख (19) को गिरफ्तार किया.
पूछताछ के दौरान शाहरुख ने पुलिस को बताया कि उसने अपने भाई उमर फारुख के साथ मिलकर निर्माणाधीन भवन से चोरी किए गए बिजली के तारों का प्लास्टिक कवर हटाकर उसमें मौजूद तांबा अलग किया था. इसके बाद दोनों ने कॉपर तार को कपाली के ताजनगर स्थित फैज अहमद उर्फ भोलु के स्क्रैप गोदाम में बेच दिया.
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने स्क्रैप गोदाम में छापेमारी कर करीब 65 किलो बिना कवर वाला कॉपर तार बरामद किया. पुलिस ने स्क्रैप कारोबारी फैज अहमद उर्फ भोलु (34) को भी गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार शाहरुख कपाली के डेमडुबी अंसारी नगर का निवासी है, जबकि फैज अहमद उर्फ भोलु ताजनगर, कपाली का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार शाहरुख के खिलाफ पूर्व में भी चोरी का मामला दर्ज है और उसका आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पूरे मामले की जांच जारी है.
Edited By Sarita

