आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां को जमशेदपुर से जोड़ने वाले खरकाई नदी पर बने पुराने पुल के पथवे की स्थिति बेहद खतरनाक हो गई है. पुल के किनारे बने पैदल मार्ग का स्लैब टूट जाने से यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पथवे रोजाना सैकड़ों राहगीरों, मजदूरों और स्कूली बच्चों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है. लेकिन स्लैब टूटने के बाद भी अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है. टूटी जगह को केवल टहनियों से घेरकर अस्थायी रूप से चिन्हित किया गया है, जो खतरे को और बढ़ा रहा है.

यह क्षेत्र आदित्यपुर नगर निगम वार्ड 17 के अंतर्गत आता है, जबकि पुल के रखरखाव की जिम्मेदारी RCD के पास है. इसके बावजूद अब तक विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पार्षद नीतू शर्मा ने स्थल का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि स्लैब पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है और नीचे पाइपलाइन भी उजागर हो गई है, जिससे राहगीरों के लिए खतरा और बढ़ गया है.
पार्षद ने तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए RCD के अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया है. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं की गई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी. स्थानीय लोगों में इस लापरवाही को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पुल के पथवे की मरम्मत कर सुरक्षा सुनिश्चित की जाए. फिलहाल सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि जिम्मेदार विभाग कब तक इस गंभीर समस्या पर कार्रवाई करता है, क्योंकि हर गुजरते दिन के साथ खतरा बढ़ता जा रहा है.

