जामताड़ा: उपायुक्त आलोक कुमार के मार्गदर्शन एवं जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति के निर्देशानुसार सोमवार को मिहिजाम स्थित डॉ. नागेन्द्र सिन्हा विद्यालय में लिंग भेद के प्रति जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के माध्यम से ट्रांसजेंडर विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा, समानता और सम्मान सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया.


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय में प्रत्येक विद्यार्थी को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भेदभावमुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना था. इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या चंदा मिश्रा ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को समान अधिकार, सम्मान और शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलना चाहिए. किसी भी विद्यार्थी के साथ उसकी लैंगिक पहचान के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए.
उन्होंने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से समाज में संवेदनशीलता, समानता और आपसी सम्मान की भावना विकसित करने की अपील की. इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि विद्यालय में प्रवेश, मूल्यांकन और दैनिक गतिविधियों के दौरान किसी भी विद्यार्थी के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा.
साथ ही मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न पर रोक लगाने, विद्यार्थियों की निजता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प लिया गया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के सचिव नंदलाल शर्मा ने की, जबकि संचालन प्राचार्या चंदा मिश्रा ने किया. मौके पर उपप्राचार्या सीमा राऊत, शिक्षिका सीमा कुमारी, श्रावंती साहा, अंशु कुमारी, अलका कुमारी, सुप्रिया कुमारी, निकिता वर्मा, निकिता कुमारी, नीतू ठाकुर, अनिता कुमारी, गुड़िया कुमारी, कार्यालय लिपिक श्वेता वर्मा तथा कर्मी संजू कुमारी एवं शांति कुमारी उपस्थित थीं.
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने संदेश दिया कि शिक्षा का अधिकार सभी के लिए समान है. विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि ऐसा सुरक्षित स्थान होना चाहिए, जहां प्रत्येक विद्यार्थी अपनी पहचान के साथ सम्मानपूर्वक और बिना किसी भेदभाव के शिक्षा प्राप्त कर सके.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

