जमशेदपुर/घाटशिला: प्रखंड कार्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) द्वारा आम जनता के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार एवं दुर्व्यवहार किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. इसको लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने मोर्चा खोलते हुए संबंधित मामले पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है.


इस संबंध में JLKM के एक प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से मुलाकात कर आम जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की. प्रतिनिधिमंडल में घाटशिला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रामदास मुर्मू, पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष तपन महतो, जिला वरीय उपाध्यक्ष मंगल करुआ, कोल्हान मीडिया प्रभारी हेमंत प्रधान, संदीप महतो, एससी मोर्चा कोल्हान अध्यक्ष राजा कालिंदी, एससी मोर्चा जिला अध्यक्ष कमल मुखी, जिला महासचिव दिनेश महतो एवं मुसाबनी प्रखंड अध्यक्ष दीपक पात्र शामिल थे.
सरकारी कार्यालय जनता की सेवा के लिए हैं
इस दौरान JLKM नेताओं ने कहा कि सरकारी कार्यालय आम जनता की सुविधा और सेवा के लिए बनाए गए हैं. ऐसे में किसी भी अधिकारी को आम नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार करने या उन्हें अपमानित करने का अधिकार नहीं है. सरकारी अधिकारी जनता के सेवक हैं, न कि जनता पर हुकूमत करने वाले.
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए. अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे आम जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनें और उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करें.
जनता के सम्मान और अधिकार के लिए संघर्ष जारी रहेगा
JLKM ने स्पष्ट किया कि जनता के सम्मान, अधिकार और न्याय की लड़ाई में संगठन हमेशा आगे रहेगा. किसी भी सरकारी अधिकारी द्वारा आम जनता के साथ कथित दुर्व्यवहार किए जाने के मामले को गंभीरता से उठाया जाएगा. मोर्चा ने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि इस तरह की घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए सरकारी कार्यालयों में जनहित और संवेदनशीलता के अनुरूप कार्य संस्कृति सुनिश्चित की जाए.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

