सरायकेला: धनतेरस, दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सरायकेला थाना पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है. इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर गुरुवार देर शाम थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने शहर के विभिन्न इलाकों में पैदल गश्ती की. पैदल गश्ती के बाद अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान भी चलाया गया.


पुलिस की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजारों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना तथा किसी भी तरह की अवांछित गतिविधियों को रोकना है. पुलिस जवानों ने विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों को शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया.
अड्डेबाजी और अनावश्यक जमावड़े पर पुलिस की पैनी नजर
थाना प्रभारी विनय कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि त्योहारों की आड़ में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से जमावड़ा लगाकर माहौल खराब करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने चेतावनी दी कि अभियान के दौरान अड्डेबाजी करते पकड़े जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की राहत नहीं मिलेगी.
सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील
थाना प्रभारी विनय कुमार ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि धनतेरस, दीपावली और छठ आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के प्रतीक पर्व हैं. सभी लोग इन त्योहारों को आपसी सद्भाव और शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं. किसी भी प्रकार के विवाद, हुड़दंग या ऐसी गतिविधियों से बचें, जिससे दूसरे लोगों को परेशानी हो अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित हो.
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी. किसी भी व्यक्ति को कहीं परेशानी होती है या कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो तत्काल सरायकेला थाना को इसकी सूचना दें. पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर है.
असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी
थाना प्रभारी ने असामाजिक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि दीपावली और छठ पूजा के दौरान किसी भी तरह की गलत हरकत, हुड़दंग, विवाद या शांति भंग करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. ऐसे मामलों में पुलिस बिना किसी दबाव के संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी.
पुलिस प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि त्योहार खुशियों और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं, लेकिन कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की कोशिश न करें. सरायकेला पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह (संपादक)

