जमशेदपुर: ऑनलाइन गेमिंग के जरिए बड़े इनाम का लालच देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. जमशेदपुर और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने बिरसानगर के डुंगरी टोला, ओम नगर रोड नंबर-2 स्थित एक मकान में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया. मौके से पांच लैपटॉप, 25 मोबाइल फोन, 102 एटीएम एवं डेबिट कार्ड और 67 सिम कार्ड समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया गया है. शुक्रवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले की जानकारी दी.


पुलिस के अनुसार रामगढ़ साइबर अपराध थाना में दर्ज कांड संख्या 05/2026 की जांच के दौरान गिरोह के बिरसानगर से संचालित होने का सुराग मिला था. इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जमशेदपुर साइबर थाना, बिरसानगर थाना और रामगढ़ साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित की गई. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर टीम ने 29 अक्टूबर को मकान के प्रथम तल पर छापेमारी की.
पहले बड़े इनाम का लालच, हारने पर बड़ा दांव लगाने का झांसा
ग्रामीण एसपी के अनुसार आरोपी कथित रूप से ‘GET&ID’ नामक ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को गेम खेलने के लिए प्रोत्साहित करते थे. शुरुआत में कम रकम लगाकर बड़ा इनाम जीतने का लालच दिया जाता था. रकम हारने के बाद खिलाड़ी को अगली बार बड़ा दांव लगाकर पिछला नुकसान वापस पाने का भरोसा दिलाया जाता था.
पुलिस का दावा है कि इसी तरीके से लोगों से रकम जमा कराई जाती थी. इसके बाद पैसे अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर एटीएम कार्ड के माध्यम से नकद निकासी की जाती थी.
पांच गिरफ्तार, बैंक पासबुक और हिसाब-किताब के रजिस्टर भी जब्त
गिरफ्तार आरोपियों में गोलमुरी निवासी एम. मनु प्रकाश (31), टेल्को निवासी मो. फरहान (21), बिरसानगर निवासी राहुल मिंज, बिरसानगर निवासी अभिषेक राज (करीब 25) और सीतागोड़ा निवासी श्रवण सोना (23) शामिल हैं.
पुलिस ने मौके से नौ बैंक पासबुक, हिसाब-किताब से संबंधित चार नोटबुक एवं रजिस्टर और 8,440 रुपये नकद भी जब्त किए हैं. इसके अलावा वाईफाई राउटर, नेटवर्क केबल, चार्जर, एक मोटरसाइकिल और पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए हैं.
मामले में जमशेदपुर साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 108/2026 दर्ज किया गया है. छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी श्रीनिवास कुमार, इंस्पेक्टर अमित अभिषेक, प्रदीप वर्मा, रामगढ़ के अनुसंधानकर्ता दिगम्बर पाण्डेय और बिरसानगर थाना प्रभारी मंटू कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे.

