चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में पुलिस और सुरक्षा बलों को सर्च ऑपरेशन के दौरान बड़ी सफलता मिली है. छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहदा गांव के पास कोयना नदी किनारे दो IED बरामद किए गए. सुरक्षा के मद्देनजर दोनों विस्फोटकों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.


जानकारी के अनुसार IED को पगडंडी मार्ग के ऊंचे हिस्से में जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया था. सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों की नजर संदिग्ध स्थान पर पड़ी, जिसके बाद सतर्कता बरतते हुए तलाशी ली गई और दोनों विस्फोटक बरामद हुए. बताया जा रहा है कि इन्हें नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से लगाया गया था.
जिस इलाके से IED बरामद हुए हैं, वह पूर्व में भाकपा माओवादी नक्सलियों का प्रभाव वाला क्षेत्र रहा है. विस्फोटक मिलने का स्थान इसी वर्ष जनवरी में हुई पुलिस-नक्सली मुठभेड़ स्थल से करीब दो से तीन किलोमीटर की दूरी पर बताया जा रहा है. उक्त मुठभेड़ में एक करोड़ के इनामी नक्सली अनल दा और 50 लाख के इनामी अनमोल दा समेत 17 नक्सलियों के मारे जाने की बात सामने आई थी.
सारंडा के जंगल और पगडंडी वाले इलाकों से पूर्व में भी नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED बरामद होते रहे हैं. इनकी चपेट में सुरक्षा बलों के साथ ग्रामीणों और मवेशियों के आने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं.
नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के बाद भी सुरक्षा बल सारंडा के अंदरूनी इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. इसका उद्देश्य जंगल में पहले से लगाए गए विस्फोटकों का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय करना और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

