रामगढ़: गुम हुए मोबाइल फोन को खोजकर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने के लिए रामगढ़ पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन भरोसा’ लगातार सफलता हासिल कर रहा है. पिछले चार माह में अभियान के चार चरणों के तहत पुलिस ने कुल 301 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किया है. इसकी जानकारी रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने दी.


पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को गुम मोबाइल से संबंधित दर्ज सनहा तथा CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर तकनीकी जांच करते हुए मोबाइल खोजने का निर्देश दिया गया है. इसी के तहत लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
पहले चरण में 125, चौथे चरण तक आंकड़ा पहुंचा 301
पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार ‘ऑपरेशन भरोसा’ के प्रथम चरण में 125, द्वितीय चरण में 59, तृतीय चरण में 61 और चतुर्थ चरण में 56 मोबाइल फोन बरामद किए गए. इस तरह चारों चरणों को मिलाकर अब तक कुल 301 मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा जा चुका है.
चौथे चरण में रामगढ़ थाना से सर्वाधिक 10 मोबाइल बरामद
चौथे चरण में जिले के अलग-अलग थाना एवं ओपी क्षेत्रों से कुल 56 मोबाइल बरामद किए गए. इनमें रामगढ़ थाना से 10, रजरप्पा थाना से 6, पतरातू थाना से 5, मांडू थाना से 8, गोला थाना से 3, भुरकुंडा ओपी से 4, बरकाकाना ओपी से 3, बासल थाना से 5, बरलंगा थाना से 3, कुजू ओपी से 3, वेस्ट बोकारो ओपी से 5, और भदानीनगर ओपी से 1 मोबाइल बरामद किया गया है.
SP ने लोगों से की CEIR पोर्टल के इस्तेमाल की अपील
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने मोबाइल प्राप्त करने पहुंचे लोगों को CEIR पोर्टल के उपयोग और गुम मोबाइल की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी. उन्होंने लोगों से इस सुविधा के संबंध में अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी जागरूक करने की अपील की. पुलिस ने साफ किया है कि गुम मोबाइलों की बरामदगी और उन्हें वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने के लिए ‘ऑपरेशन भरोसा’ आगे भी निरंतर जारी रहेगा.

चार माह में 301 मोबाइलों की बरामदगी यह बताती है कि तकनीक और दर्ज शिकायतों पर व्यवस्थित तरीके से काम किया जाए तो गुम हुए मोबाइलों को खोजकर उनके मालिकों तक पहुंचाया जा सकता है. मोबाइल वापस मिलने पर संबंधित लोगों ने भी रामगढ़ पुलिस के प्रयास की सराहना की.


