सरायकेला: अपराध नियंत्रण को लेकर खरसावां पुलिस की सख्ती के बीच एंटी क्राइम जांच अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. +2 हाईस्कूल खरसावां के पास जांच के दौरान पुलिस ने एक युवक को अवैध देशी कट्टा और लोडेड जिंदा गोली के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से एक धारदार चाकू, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की है. गिरफ्तार युवक की पहचान रायजामा गांव निवासी 30 वर्षीय दुबु सरदार के रूप में हुई है. इस कार्रवाई से इलाके में अवैध हथियार लेकर घूमने वालों के बीच पुलिस की सक्रियता का संदेश गया है.


खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 अक्टूबर को थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से एंटी क्राइम जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान +2 हाईस्कूल खरसावां के पास पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में मौजूद दुबु सरदार की जांच की. तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा, जिसमें एक जिंदा गोली लोड थी, बरामद किया गया. इसके अलावा एक धारदार चाकू और गहरे नीले रंग का सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन भी मिला. पुलिस ने मौके से मोटरसाइकिल संख्या जेएच-05ए-0678 को भी जब्त कर लिया.
थाना प्रभारी ने बताया कि अवैध हथियार के साथ पकड़े गए युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आया था और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था. थाना क्षेत्र में अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस की जांच और गश्ती लगातार जारी रहेगी. अवैध हथियार रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
खरसावां थाना कांड संख्या 54/2026, दिनांक 29 अक्टूबर 2026 के तहत आयुध अधिनियम की धारा 25 (1-ए)ए/26 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है.
इस कार्रवाई में सरायकेला अंचल के पुलिस निरीक्षक राजेश टुडू, खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक हरेन्द्र प्रसाद सिंह, हवलदार अजय कुजूर, आरक्षी सनातन महतो तथा आरक्षी महेश रविदर शामिल थे.
प्रमोद सिंह (संपादक)

