जमशेदपुर: भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा का बुधवार को अचानक निधन हो गया. बताया जा रहा है कि वे पार्टी के एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, इसी दौरान रास्ते में अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ. आनन-फानन में उन्हें टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.


चंद्रशेखर मिश्रा के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और उनके शुभचिंतक टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचे.
चंद्रशेखर मिश्रा लंबे समय से भाजपा से जुड़े रहे और जमशेदपुर महानगर जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे. वे राजनीतिक गतिविधियों के साथ सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे. वे बस्ती विकास समिति के अध्यक्ष रह चुके थे और भालूबासा शीतला मंदिर समिति के अध्यक्ष समेत कई सामाजिक-धार्मिक संगठनों से जुड़े हुए थे.
बताया जाता है कि निधन से महज एक दिन पहले उन्होंने भाजपा महानगर की बैठक में पूरे उत्साह के साथ भाग लिया था. बुधवार को अचानक उनके निधन की खबर ने पार्टी कार्यकर्ताओं और परिचितों को स्तब्ध कर दिया.
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन को पार्टी और सामाजिक क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति बताते हुए उनके लंबे राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया.

