जामताड़ा: पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल में ट्रैक अनुरक्षण कार्य के कारण रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. मथुरापुर और मधुपुर स्टेशनों के बीच डाउन लाइन पर ट्रैक की मरम्मत एवं अनुरक्षण के लिए 29 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लिया जाएगा. इसके कारण जसीडीह- अंडाल मेमू ट्रेन रद्द रहेगी, जबकि बर्द्धमान- झाझा- बर्द्धमान मेमू के परिचालन में बदलाव किया गया है. वहीं, जसीडीह- आसनसोल मेमू को निर्धारित तिथियों पर पुनर्निर्धारित समय से चलाया जाएगा. रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, उक्त अवधि में कुल 10 दिनों तक 210 मिनट का ब्लॉक निर्धारित किया गया है. यह ब्लॉक दोपहर 14:30 बजे से शाम 18:00 बजे तक प्रभावी रहेगा.


जसीडीह- अंडाल मेमू के 10 फेरे रद्द
ट्रैक अनुरक्षण कार्य के कारण ट्रेन संख्या 63546 जसीडीह- अंडाल मेमू को 29 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच निर्धारित सोमवार और गुरुवार को रद्द रखा जाएगा. इस दौरान ट्रेन के कुल 10 फेरे निरस्त रहेंगे. इससे इस रेलखंड पर नियमित यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है.
बर्द्धमान- झाझा मेमू मधुपुर तक ही चलेगी
ट्रेन संख्या 63509/63510 बर्द्धमान- झाझा- बर्द्धमान मेमू की सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी. निर्धारित दिनों में दोनों दिशाओं में इस ट्रेन के 10-10 फेरों का आंशिक समापन मधुपुर स्टेशन पर किया जाएगा. इसी तरह, ट्रेन मधुपुर स्टेशन से ही आंशिक रूप से अपनी यात्रा शुरू करेगी. इस कारण मधुपुर से आगे या पीछे की यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ सकता है.
जसीडीह- आसनसोल मेमू 45 मिनट देरी से चलेगी
ट्रेन संख्या 63564 जसीडीह- आसनसोल मेमू को पांच निर्धारित तिथियों पर 45 मिनट पुनर्निर्धारित समय से चलाया जाएगा. ये तिथियां 29 अक्टूबर, 5 नवंबर, 12 नवंबर, 19 नवंबर और 26 नवंबर 2026 हैं. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेनों के परिचालन से संबंधित बदलावों की जानकारी प्राप्त कर लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

