सरायकेला: नगर पंचायत सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 49 लाभुकों को आवास की स्वीकृति और मकान निर्माण का नक्शा प्रदान किया गया. स्वीकृति पत्र और नक्शा हाथों में आते ही लाभुकों के चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी. किसी के लिए यह कच्चे मकान से मुक्ति की उम्मीद है, तो किसी के लिए अपने परिवार को सुरक्षित छत देने के सपने की शुरुआत. नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने इसे जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.


नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि नवनिर्वाचित बोर्ड ने अपने पहले 100 दिनों में 100 लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया था. इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए नगर पंचायत की ओर से शिविर लगाए गए और वार्ड पार्षदों के सहयोग से पात्र लाभुकों को चिह्नित कर योजना से जोड़ने का प्रयास किया गया. सामूहिक प्रयासों के परिणामस्वरूप 115 लाभुकों को योजना से जोड़ने की पहल की गई. इसी क्रम में 49 लाभुकों को आवास की स्वीकृति और निर्माण का नक्शा सौंपा गया.
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का प्रयास है कि कोई भी पात्र परिवार पक्के मकान की सुविधा से वंचित न रहे.
आवास केवल ईंट और सीमेंट से बनी दीवारें नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का आधार है. जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना नगर पंचायत की प्राथमिकता है.
मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि योजना के तहत स्वीकृत लाभुकों को आवास निर्माण के लिए कुल 2.50 लाख रुपये की सहायता राशि चार किस्तों में उपलब्ध कराई जाएगी. इस आर्थिक सहायता से जरूरतमंद परिवारों को अपने पक्के मकान का निर्माण कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने लाभुकों से योजना की राशि का उपयोग आवास निर्माण में करने तथा निर्माण कार्य को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरा करने की अपील की.
नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि नवनिर्वाचित बोर्ड का उद्देश्य केवल आवास योजना तक सीमित नहीं है, बल्कि सरायकेला नगर का समग्र विकास सुनिश्चित करना है. वर्षों से बाधित जलापूर्ति की समस्या के समाधान के लिए पहल की जा रही है. निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ शहर के मोहल्लों को रोशन करने के लिए गुणवत्तापूर्ण सेंसरयुक्त स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य भी किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना बोर्ड की सामूहिक जिम्मेदारी है. विकास कार्यों में सभी वार्ड पार्षद मिलकर काम कर रहे हैं. जनता की समस्याओं का समाधान और शहर की बुनियादी सुविधाओं में सुधार सर्वोच्च प्राथमिकता है.
अध्यक्ष ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से आवास योजना के साथ स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए व्यवसाय संबंधी ऋण और कौशल प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं. इच्छुक नगरवासी संबंधित योजनाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं. उद्देश्य है कि जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत के साथ आजीविका के साधन उपलब्ध कराने में भी सहयोग मिले, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें.
उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि कार्यालय, अंचल, पेयजल, बिजली अथवा मोहल्ले से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए वे उनसे संपर्क कर सकते हैं। नगर पंचायत की टीम जनसमस्याओं के समाधान के लिए तत्पर है.
कार्यक्रम में नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, वार्ड पार्षद विक्रम मोदक, ज्योति साहू, सुषमा तियु, गौतम नायक, बबीता कमिला, सबिता पटनायक, बरुण कुमार साहू, शांति गोडसेरा और अजली राय उपस्थित थे. इनके अलावा नगर प्रबंधक सुमित सुमन, सीएलटीसी मनोज महतो एवं सुबोध सोरेन, पर्यवेक्षक सूरज कुमार एवं विशाल कुमार, नगर मिशन मैनेजर मनी मुकुट सोरेन सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मचारी मौजूद थे.
प्रमोद सिंह (संपादक)

