जमशेदपुर: परसुडीह थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद- बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की चार मोटरसाइकिल तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है. इसकी जानकारी मंगलवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने दी.


पुलिस के अनुसार 27 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह थाना क्षेत्र के मारू मैदान के पास कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिल की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद गठित टीम ने छापेमारी कर सोपोडेरा नियर गांधी मैदान निवासी करीब 20 वर्षीय समीर मुर्मू और सोपोडेरा नीचे टोला नियर शिव मंदिर निवासी करीब 20 वर्षीय सुखलाल गागराई को पकड़ लिया.
तलाशी के दौरान समीर मुर्मू के पास से एप्पल आईफोन 15 प्रो मैक्स और घटना में प्रयुक्त ओलिव ग्रीन रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर JH05ED-9874 बरामद की गई. वहीं सुखलाल गागराई के पास से हरे रंग की मोटरोला कंपनी का मोबाइल मिला.
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें बेचने की बात स्वीकार की. उनकी निशानदेही पर काले रंग की स्प्लेंडर समेत कुल चार मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं. इनमें एक मोटरसाइकिल का चेसिस नंबर MBLHAW091LHA13625 बताया गया है.
इस संबंध में परसुडीह थाना कांड संख्या 117/2026 दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार समीर मुर्मू का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ टाटानगर थाना में जुलाई 2026 में मामला दर्ज हुआ था. दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
छापेमारी टीम में परसुडीह थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार मुंडा, एएसआई हीरालाल तांबी, एएसआई रितेश कुमार, एएसआई संदीप कुमार सिंह एवं सशस्त्र बल शामिल थे.

