सरायकेला-खरसावां/राजनगर: जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के तहत क्षमता से अधिक यात्रियों को वाहन में बैठाने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.


इसी क्रम में सोमवार को चलाए गए ड्रंक एंड ड्राइव अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चला रहे एक चालक के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया. ट्रैफिक पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया.

ओवरलोडिंग से यात्रियों की सुरक्षा खतरे में
क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ाता है. वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने से चालक की निर्णय लेने और वाहन पर नियंत्रण रखने की क्षमता प्रभावित होती है. इससे चालक, वाहन में सवार यात्रियों और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है.
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है. अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को बैठाएं और शराब का सेवन करने के बाद वाहन बिल्कुल न चलाएं.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

