जामताड़ा: जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर- साहिबगंज मुख्य पथ पर महेशपुर के समीप सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान बिंदापाथर थाना क्षेत्र के बदराडीह निवासी अनिल हांसदा (34) और देवघर जिले के खागा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुर्गाबनी निवासी छोटे लाल मुर्मू (35) के रूप में हुई है. दोनों आपस में रिश्ते में साढ़ू थे.


जानकारी के अनुसार दोनों युवक मोटरसाइकिल संख्या JH 21A 0552 से जा रहे थे. महेशपुर के समीप उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर पहुंचाया. गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जामताड़ा रेफर किया गया, जहां दोनों की मौत हो गई.
सुनसान इलाके में हादसा, कारण स्पष्ट नहीं
बताया जा रहा है कि दुर्घटनास्थल सुनसान क्षेत्र में है. ऐसे में बाइक कैसे दुर्घटनाग्रस्त हुई और हादसे के पीछे क्या वजह रही, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है. किसी दूसरे वाहन से टक्कर हुई अथवा बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है.
दोनों शवों को जामताड़ा सदर अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही थी. एक साथ दो रिश्तेदारों की मौत से दोनों परिवारों में मातम पसरा है. दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

