चांडिल: कुकड़ू- चौकेगड़िया चौक के समीप शनिवार शाम करीब छह बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से छोटा लापांग गांव के वार्ड सदस्य मनोरंजन महतो उर्फ मंटू की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मनोरंजन महतो कुकड़ू से अपने घर लौट रहे थे, इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया. हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया.


वार्ड सदस्य की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आवागमन रोक दिया और शव उठाने का भी विरोध किया. इससे मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा.
सूचना मिलने पर तिरुलडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने हादसे में शामिल वाहन की पहचान कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बढ़ा है. उन्होंने हादसे में शामिल वाहन और चालक की शीघ्र पहचान कर कार्रवाई की मांग की है.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर

