लोहरदगा: एआईसीसी पर्यवेक्षक एवं राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर लोहरदगा पहुंचीं. जिला कांग्रेस मुख्यालय में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया. इस दौरान संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की.


इसके बाद फूलो देवी नेताम लोहरदगा सांसद एवं कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत के आवास पहुंचीं. यहां दोनों नेताओं के बीच 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस की राष्ट्रव्यापी महारैली को लेकर विचार-विमर्श हुआ.
चर्चा में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और आदिवासी कांग्रेस के प्रतिनिधियों की दिल्ली रैली में भागीदारी को लेकर रणनीति पर बात हुई. रैली के लिए बेहतर समन्वय, प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई.
सुखदेव भगत ने कहा कि दिल्ली की रैली के माध्यम से कांग्रेस केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी बात रखेगी. उन्होंने दावा किया कि रैली में छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे.
इस अवसर पर लोहरदगा लोकसभा के सह प्रभारी विजय खान, जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव शाहिद अहमद बेलू सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे.

