रांची: राजधानी के कांके थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर घर में घुसकर नकदी और कीमती जेवरात लूटने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से 4 लाख 24 हजार रुपये नकद, एक इनोवा, एक स्कॉर्पियो और आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं.


पुलिस के मुताबिक 13 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब सात बजे कांके थाना क्षेत्र के सिरा रोड के पास आदर्श नगर कॉलोनी, गागी में रामशंकर प्रसाद सिंह के मकान में हथियारबंद अपराधियों ने डकैती की थी. वारदात के बाद अपराधी नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए थे.
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल गठित किया गया. पुलिस ने तकनीकी जानकारी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए कुल 14 संदिग्धों को चिह्नित किया. इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले आरोपी भी शामिल हैं. पुलिस के अनुसार इनमें दो आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है.
पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए वाहनों को छोड़कर अलग-अलग स्थानों पर शरण ली थी. मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए शेष जेवरात की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है.

