लोहरदगा: सदर प्रखंड के गंगुपाड़ा गांव में पारंपरिक जतरा का भव्य आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि के रूप में लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत शामिल हुए. जतरा स्थल पहुंचने पर आयोजन समिति और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़े, मांदर और पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया.


सांसद सुखदेव भगत खोड़हा दलों के बीच पहुंचे और मांदर की थाप पर ग्रामीणों के साथ सामूहिक नृत्य किया. सांसद को अपने बीच नृत्य करते देख ग्रामीणों में खासा उत्साह रहा.
सांसद ने कहा कि जतरा केवल मेला नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, रीति-रिवाज और पूर्वजों की विरासत को सहेजने का माध्यम है. इससे आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता मजबूत होती है तथा नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ती है.
उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं को सहेजने की अपील की. मौके पर आलोक कुमार साहू, फूलदेव उरांव, श्याम उरांव, गिरी पाहन, चंदर उरांव, निंगनी मुखिया समेत आयोजन समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पाहन, पुजारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

