आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में वांटेड अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है. इसी कड़ी में आदित्यपुर थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने बड़े स्तर पर अभियान की शुरुआत की है. करीब 150 पुलिस जवानों और अधिकारियों को इसमें लगाया गया है.


अभियान के लिए तीन स्तर पर टीम तैयार की गई है. इसमें पैदल गश्ती दल के साथ बाइक और चार पहिया वाहन से पेट्रोलिंग करने वाली टीम शामिल है. पुलिस अधिकारियों को वांटेड अपराधियों की सूची सौंपते हुए उनकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं.
थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि वांटेड अपराधी कहीं भी छिपे हों, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. उन्होंने फरार अपराधियों से आत्मसमर्पण करने की अपील करते हुए कहा कि गिरफ्तारी की स्थिति में कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस के इस विशेष अभियान के बाद अब नजर इस बात पर रहेगी कि वांटेड अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कितनी गिरफ्तारियां होती हैं और अपराध नियंत्रण की दिशा में इसका कितना असर दिखाई देता है.

