चांडिल: चांडिल प्रखंड की रुचाप पंचायत स्थित गांगुडीह केनाल पुल की क्षतिग्रस्त रेलिंग और बामनी नदी पर बने पुराने पुल की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है. बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी को सौंपकर दोनों पुलों की मरम्मत कराने की मांग की है. आवेदन की प्रतिलिपि सरायकेला- खरसावां के उपायुक्त को भी दी गई है.


ग्रामीणों के अनुसार डैम रोड स्थित गांगुडीह केनाल पुल की रेलिंग लंबे समय से क्षतिग्रस्त है. वहीं बामनी नदी पर करीब वर्ष 1980 में बने पुराने पुल की स्थिति भी खराब होती जा रही है. पुल के दोनों तरफ की रेलिंग टूट चुकी है और लोहे की मोटी छड़ें भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त बताई जा रही हैं.
हाईवे से जोड़ता है पुल, स्कूली बच्चों को भी खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग चांडिल मुख्य सड़क को टाटा- रांची हाईवे से जोड़ता है और अनुमंडल कार्यालय से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर है. इस रास्ते से प्रतिदिन स्थानीय ग्रामीणों के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं का भी आवागमन होता है. बारिश के दौरान स्थिति और जोखिमपूर्ण हो जाती है.
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि क्षतिग्रस्त रेलिंग और जर्जर हिस्सों की समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो दुर्घटना हो सकती है. उन्होंने प्रशासन से गांगुडीह केनाल पुल पर नई रेलिंग लगाने और बामनी नदी पुल की तकनीकी जांच कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर

