भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बबी


जामताड़ा: भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष बबीता झा के पति का वेल्लोर में असमय निधन हो गया. वे नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए वेल्लोर गये थे और 18 सितंबर को शाम पांच बजे की ट्रेन से वापस लौटने वाले थे. परिजनों से उनकी बातचीत भी हुई थी. होटल से स्टेशन पहुंचाने के लिए जब कर्मी उन्हें बुलाने पहुंचे तो कमरे से कोई जवाब नहीं मिला. अंदर जाकर देखा गया तो वे बिस्तर पर पड़े थे और किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे. चिकित्सकीय जांच के बाद उनके निधन की पुष्टि हुई.
बताया गया कि कुछ वर्ष पूर्व नगर पंचायत चुनाव में पार्टी के दबाव में नाम वापस लेने के दिन ही उन्हें हार्ट अटैक आया था. बेगूसराय में ऑपरेशन के बाद स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें वेल्लोर ले जाया गया, जहां दोबारा ऑपरेशन हुआ था. इसके बाद वे नियमित चेकअप कराते थे. निधन के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर 20 सितंबर को एयर एंबुलेंस से पार्थिव शरीर पटना लाया गया. वहां से एंबुलेंस द्वारा पैतृक गांव पहुंचाया गया. निधन की खबर से परिजनों, भाजपा कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में शोक की लहर है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

