चास निवासी बादशाह खान की तस्वीर भेजकर पहचान का दावा, बोकारो से भी मिली आपराधिक गतिविधियों की जानकारी; पुलिस जांच की मांग


जामताड़ा: शहर के गांधी मैदान स्थित गणेश मेला परिसर में मंगलवार को दर्शन करने पहुंची बच्ची की साइकिल चोरी की घटना अब नया मोड़ लेती दिख रही है. पंडाल के बाहर ताला लगाकर खड़ी की गई बच्ची की साइकिल को एक युवक द्वारा मौका पाकर चोरी कर ले जाने की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी. घटना को इंडिया न्यूज़ वायरल बिहार झारखंड ने “गणेश मेला में बच्ची की साइकिल चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात” शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया था.
खबर प्रकाशित होने के अगले ही दिन बुधवार को चास निवासी एक व्यक्ति ने इंडिया न्यूज़ वायरल बिहार झारखंड के स्थानीय संवाददाता मनीष बरनवाल से संपर्क किया. उन्होंने व्हाट्सएप के माध्यम से एक ऐसे व्यक्ति की फाइल फोटो भेजी, जिसे उन्होंने सीसीटीवी फुटेज में साइकिल चोरी करते दिख रहे युवक के रूप में पहचानने का दावा किया. उनके अनुसार फोटो में दिख रहा व्यक्ति बोकारो जिले के चास निवासी बादशाह खान है. बताया गया कि यह फोटो पुलिस की गिरफ्त में लिए जाने के दौरान की है.
बोकारो के सूत्रों से तफ्तीश में भी पहचान की पुष्टि का दावा
मामले को लेकर पत्रकार मनीष बरनवाल द्वारा बोकारो में अपने सूत्रों से भी जानकारी जुटायी गयी. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में साइकिल ले जाता दिखाई दे रहा व्यक्ति बादशाह खान ही बताया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक वह चास के गरगा पुल के नीचे रहने वाला है और हाल में चोरी के एक मामले में चास जेल से जमानत पर बाहर आया है. सूत्रों ने यह भी दावा किया कि बोकारो शहरी क्षेत्र के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ चोरी से संबंधित मामले दर्ज हैं. हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित थाना पुलिस या उपलब्ध न्यायिक रिकॉर्ड से किया जाना बाकी है.
बंद घरों में चोरी और साइकिल चोरी का दावा
बोकारो से मिली जानकारी में यह भी दावा किया गया है कि संदिग्ध दिन के समय बंद घरों को निशाना बनाकर आभूषण चोरी करने तथा साइकिल चोरी करने की घटनाओं में कथित रूप से शामिल रहा है. बताया गया कि वह एक स्थान पर लंबे समय तक नहीं रहता और घूम-घूमकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात सामने आती रही है.
सूत्रों के अनुसार, ऐसे मामलों में चोरी की साइकिल या मोटरसाइकिल आसपास के गांवों में कम कीमत पर बेच दिए जाने की बात भी सामने आती रही है. साथ ही यह दावा भी किया गया कि वह जिस शहर में जाता है, वहां रेलवे स्टेशन अथवा बस स्टैंड के आसपास अपना अस्थायी ठिकाना बना लेता है.
जामताड़ा रेलवे स्टेशन समेत संभावित ठिकानों की जांच की मांग
सीसीटीवी फुटेज में कैद वारदात और सामने आई संदिग्ध की पहचान के दावों के बाद अब जामताड़ा पुलिस की जांच महत्वपूर्ण हो गयी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस यदि मामले को गंभीरता से ले तो गणेश मेला परिसर के अलावा आसपास के रास्तों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा प्रमुख चौक-चौराहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा सकते हैं. पुलिस द्वारा संदिग्ध की पहचान की आधिकारिक पुष्टि, उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच तथा चोरी की साइकिल के संभावित ठिकाने का पता लगाने की दिशा में कार्रवाई की जाती है तो मामले की कड़ियां जुड़ सकती हैं. फिलहाल सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे युवक की पहचान और उसके संबंध में सामने आए दावों की पुलिस जांच के बाद ही अंतिम रूप से पुष्टि हो सकेगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

