सरायकेला: आदित्यपुर-2 के रोड नंबर 18 स्थित आजाद मैदान में आदिवासी कल्याण समिति कुलुपटांगा की ओर से आयोजित दो दिवसीय वार्षिक फुटबॉल टूर्नामेंट में रविवार को खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों का उत्साह देखने को मिला. प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों की 32 टीमों ने हिस्सा लिया है.


टूर्नामेंट में अतिथि के रूप में पहुंचे आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया. उन्होंने कहा कि कोल्हान की धरती खेल प्रतिभाओं से समृद्ध है. स्थानीय स्तर पर होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराती हैं.

पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि आजाद मैदान को बेहतर खेल मैदान के रूप में विकसित करने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वे प्रयास करेंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि स्थानीय प्रतियोगिताओं से निकलने वाले खिलाड़ी भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे.
विजेता को 70 हजार, उपविजेता को 50 हजार
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता की विजेता टीम को 70 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता को 50 हजार रुपये और ट्रॉफी दी जाएगी. तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को 25-25 हजार रुपये के साथ ट्रॉफी प्रदान की जाएगी. प्रत्येक मुकाबले के मैन ऑफ द मैच के अलावा टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर को भी व्यक्तिगत पुरस्कार दिए जाएंगे.

मौके पर वार्ड पार्षद वेदना गोप, संगीता सामड, बैजंती बारी, पूर्व पार्षद नायकी हेम्ब्रम, प्रदीप मुखी और सिमरन मेहरा मौजूद रहे. आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष राजू सरदार, उपाध्यक्ष बोंज गोप, सचिव आलोक कैवर्त, सह-सचिव महादेव महतो, मुख्य संरक्षक लाल बाबू सरदार, संरक्षक उमेश महतो, सलाहकार बिरजुपति, कोषाध्यक्ष दिनेश महतो सहित बबलू सरदार, प्रकाश सरदार, रुशु सरदार, चापू सरदार और सुदाम सरदार की भूमिका रही.


