कांड्रा: थाना अंतर्गत गिद्दीबेड़ा टोल प्लाजा पर शनिवार सुबह टोल टैक्स की राशि को लेकर टेलर चालक और टोल कर्मियों के बीच विवाद हो गया. विवाद के दौरान टेलर संख्या JH 05DS 2810 को सड़क पर खड़ा कर चालक ने आवागमन बाधित कर दिया. करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेलर चालक से टोल प्लाजा पर ₹400 टोल टैक्स लिया गया, जिसका चालक ने विरोध किया. चालक का कहना था कि इससे पहले इसी टोल प्लाजा पर उससे ₹180 टोल टैक्स लिया गया था. अधिक राशि लिए जाने का आरोप लगाते हुए उसने वाहन को सड़क पर खड़ा कर दिया.
टोल वसूली में मनमानी का आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार, टोल प्लाजा पर वाहनों से टोल वसूली को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं. आरोप है कि स्थानीय, बाहरी,प्रभावशाली एवं यूनियन के वाहन मालिकों के वाहनों से अलग-अलग दर से टोल वसूली की जाती है. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.
बताया जा रहा है कि इसी तरह की कथित असमान टोल वसूली को लेकर शनिवार को विवाद बढ़ा. चालक द्वारा यह भी कहा गया कि उसने अपने वाहन मालिक के निर्देश पर टोल राशि का विरोध करते हुए वाहन को सड़क पर खड़ा किया.
स्थानीय लोगों ने समझाकर हटवाया टेलर
हंगामे के बीच स्थानीय नागरिकों ने चालक को समझाकर टेलर को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन सुचारू हुआ. घटना की सूचना कांड्रा थाना पुलिस को भी दी गई है. अब टोल राशि में अंतर और टोल वसूली को लेकर लगाए जा रहे आरोपों की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

