बोकारो: युवा विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र ने क्रिकेट की दुनिया में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. महज 21 साल की उम्र में उनका चयन इंडिया-A टीम में हुआ है. न्यूजीलैंड-A के खिलाफ शुरुआती दो मल्टी-डे मुकाबलों के लिए कुशाग्र को टीम में शामिल किया गया है. उन्हें चोटिल ऋषभ पंत की जगह मौका मिला है.


कुशाग्र के चयन से बोकारो जिला क्रिकेट संघ और झारखंड के क्रिकेट जगत में खुशी की लहर है. संघ के पदाधिकारियों ने इसे बोकारो और पूरे झारखंड के लिए गर्व का क्षण बताया है.
ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ प्रदर्शन आया काम
कुमार कुशाग्र के चयन में ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ हालिया प्रदर्शन की अहम भूमिका मानी जा रही है. अनौपचारिक टेस्ट सीरीज की पांच पारियों में उन्होंने 187 रन बनाए थे. इस दौरान उनके बल्ले से शानदार शतक भी निकला था. उनके इसी प्रदर्शन ने इंडिया-A टीम में जगह बनाने का रास्ता मजबूत किया.
अंडर-14 स्तर से कर रहे हैं शानदार प्रदर्शन
बोकारो जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों के मुताबिक, कुमार कुशाग्र संघ से जुड़कर अंडर-14 स्तर से ही लगातार बेहतर प्रदर्शन करते आ रहे हैं. इंडिया-A टीम में उनका चयन उनकी मेहनत और प्रतिभा का परिणाम है. उनके इस मुकाम पर पहुंचने से स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी.
इंडिया-A के लिए दम दिखाने का मौका
न्यूजीलैंड-A के खिलाफ शुरुआती दो मुकाबलों में कुशाग्र के पास अपनी बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग क्षमता साबित करने का मौका होगा. अब बोकारो के इस युवा खिलाड़ी की नजर बेहतर प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का भरोसा जीतने और भारतीय क्रिकेट में अपनी पहचान मजबूत करने पर होगी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

