आसनसोल/जामताड़ा: आसनसोल पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर और सोनपुर मंडल में राजेंद्र पुल स्टेशन को नए पुल की दोहरी लाइन से जोड़ने तथा दिनकर ग्राम सिमरिया और बरौनी के बीच मुख्य लाइन कनेक्शन का कार्य किया जाएगा. इसके लिए 21 सितंबर से प्री-नॉन इंटरलॉकिंग तथा इसके बाद नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य कराया जाएगा, जो 4 अक्टूबर तक चलेगा. विकास कार्य के कारण रेलवे ने बड़ी संख्या में ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है. इसके तहत 53 ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में रद्द, कई ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाने तथा दो मेमू ट्रेनों को आंशिक रूप से चलाने का निर्णय लिया गया है.रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार कार्य का सीधा असर हावड़ा, सियालदह, कोलकाता, आसनसोल, पटना, गया, बरौनी, मोकामा, जयनगर, रक्सौल, दरभंगा, सीतामढ़ी, गोरखपुर सहित विभिन्न रेल मार्गों पर पड़ेगा. यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है.


आसनसोल-जामताड़ा रूट की कई ट्रेनें रद्द
परिचालन में बदलाव का असर आसनसोल रेल मंडल से जुड़ी कई महत्वपूर्ण ट्रेनों पर भी पड़ेगा. 13507 आसनसोल-गोरखपुर एक्सप्रेस 25 सितंबर और 2 अक्टूबर को तथा 13508 गोरखपुर-आसनसोल एक्सप्रेस 26 सितंबर और 3 अक्टूबर को रद्द रहेगी. इसी तरह 13509 आसनसोल-गोंडा एक्सप्रेस 29 सितंबर तथा 13510 गोंडा-आसनसोल एक्सप्रेस 30 सितंबर को नहीं चलेगी.
इसके अलावा हावड़ा-पटना सुपरफास्ट स्पेशल, हावड़ा-मोकामा एक्सप्रेस, हावड़ा-रक्सौल एक्सप्रेस, सियालदह-बलिया एक्सप्रेस, कोलकाता-आरा गरीब रथ, कोलकाता-जयनगर एक्सप्रेस, कोलकाता-सीतामढ़ी मिथिलांचल एक्सप्रेस, कोलकाता-मुजफ्फरपुर तिरहुत एक्सप्रेस, गंगासागर एक्सप्रेस, टाटानगर-जयनगर, टाटानगर-थावे, पुरी-पटना, रांची-गोरखपुर सहित कई ट्रेनों को निर्धारित तिथियों पर रद्द किया गया है.
कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के बदले रास्ते
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और परिचालन को बनाए रखने के लिए कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने का निर्णय लिया है. 12273 हावड़ा-नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस 25 सितंबर को किऊल-गया-ग्रैंड कॉर्ड के रास्ते चलेगी. वहीं 12303 हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस, 12317 अकाल तख्त एक्सप्रेस, 12325 गुरुमुखी सुपरफास्ट, 13047 विभूति एक्सप्रेस, 18622 पाटलिपुत्र एक्सप्रेस तथा 63209 देवघर-पटना मेमू को झाझा-किऊल-शेखपुरा-बिहार शरीफ-बख्तियारपुर के रास्ते चलाया जाएगा.
इसी प्रकार अमृतसर-हावड़ा मेल, पटना-जसीडीह मेमू, पटना-धनबाद इंटरसिटी, पटना-हटिया पाटलिपुत्र एक्सप्रेस और पटना-देवघर मेमू का परिचालन बख्तियारपुर-बिहार शरीफ-शेखपुरा-किऊल-झाझा मार्ग से होगा.
बाघ व मिथिला एक्सप्रेस को अतिरिक्त ठहराव
13019 हावड़ा-काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस, 13021 हावड़ा-रक्सौल मिथिला एक्सप्रेस और 13105 सियालदह-बलिया एक्सप्रेस को बर्द्धमान-रामपुरहाट-साहिबगंज-भागलपुर-मुंगेर-बरौनी के रास्ते चलाया जाएगा। इन ट्रेनों को रामपुरहाट, साहिबगंज और भागलपुर में अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा.
वापसी में 13020 काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस, 13022 रक्सौल-हावड़ा मिथिला एक्सप्रेस और 13106 बलिया-सियालदह एक्सप्रेस बरौनी-मुंगेर-भागलपुर-साहिबगंज-रामपुरहाट-बर्द्धमान के रास्ते चलेंगी. इन ट्रेनों को भागलपुर, साहिबगंज और रामपुरहाट में अतिरिक्त ठहराव मिलेगा.
पूर्वांचल एक्सप्रेस भी बदले मार्ग से चलेगी
15047, 15049 और 15051 कोलकाता-गोरखपुर पूर्वांचल एक्सप्रेस को बर्द्धमान-रामपुरहाट-मालदा टाउन-कटिहार-बरौनी मार्ग से चलाया जाएगा इन ट्रेनों को रामपुरहाट और मालदा टाउन में अतिरिक्त ठहराव मिलेगा.
वापसी की 15048, 15050 और 15052 गोरखपुर-कोलकाता पूर्वांचल एक्सप्रेस बरौनी-कटिहार-मालदा टाउन-रामपुरहाट-बर्द्धमान के रास्ते चलेंगी. इन्हें भी मालदा टाउन और रामपुरहाट में अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा.
उपासना और कुंभ एक्सप्रेस भी प्रभावित
हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस और हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस का परिचालन भी निर्धारित तिथियों पर प्रधानखंता-गया-पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के रास्ते परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा. वापसी की ट्रेनों को पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन-गया-प्रधानखंता मार्ग से चलाया जाएगा. पटना-दुमका एक्सप्रेस को भी 21 सितंबर से 3 अक्टूबर तक बख्तियारपुर-बिहार शरीफ-शेखपुरा-किऊल के रास्ते चलाने का निर्णय लिया गया है.
जसीडीह-मोकामा मेमू का परिचालन किऊल तक
विकास कार्य के कारण 63571 जसीडीह-मोकामा मेमू को 20 सितंबर से 4 अक्टूबर तक किऊल स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा. वहीं 63572 मोकामा-जसीडीह मेमू 21 सितंबर से 5 अक्टूबर तक मोकामा के बजाय किऊल से शॉर्ट ओरिजिनेट होगी.
इसके अतिरिक्त 13331 धनबाद-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस 3 अक्टूबर को धनबाद से तीन घंटे पुनर्निर्धारित समय पर रवाना होगी. वहीं 18183 टाटानगर-बक्सर एक्सप्रेस 3 अक्टूबर को टाटानगर से दो घंटे विलंबित समय पर खुलेगी. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि विकास कार्य के दौरान यात्रा की योजना बनाते समय संबंधित ट्रेन की निर्धारित तिथि पर स्थिति की जानकारी अवश्य ले लें, ताकि रद्दीकरण अथवा मार्ग परिवर्तन के कारण होने वाली असुविधा से बचा जा सके.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

