हेलमेट पहनने और यातायात नियमों के पालन की दी गई जानकारी, सुरक्षित वाहन परिचालन का किया आह्वान


जामताड़ा: पुलिस अधीक्षक, जामताड़ा के निर्देशानुसार जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में फतेहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा वाहन चालकों एवं आमजनों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया. अभियान के दौरान लोगों को यातायात नियमों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई.
पुलिस कर्मियों ने वाहन चालकों को बताया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है. इसलिए दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को हेलमेट का इस्तेमाल करना चाहिए. साथ ही वाहन की गति निर्धारित सीमा में रखने, सड़क पर यातायात संकेतों का पालन करने और वाहन चलाते समय अनावश्यक जोखिम से बचने की जानकारी दी गई.
नियमों का पालन करने की अपील
जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यातायात नियम केवल कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं. वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा सड़क पर निर्धारित नियमों का पालन करने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया.
पुलिस ने विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व के बारे में बताया। कहा गया कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में हेलमेट सिर को गंभीर चोट से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.इसी तरह चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने और सुरक्षित गति से वाहन परिचालन करने की सलाह दी गई.
सुरक्षित यातायात के लिए सामूहिक जिम्मेदारी
अभियान के दौरान पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है. सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए वाहन चालकों, पैदल राहगीरों और आम नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी.यातायात नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षित वाहन परिचालन की आदत विकसित करना है. फतेहपुर थाना क्षेत्र में अभियान के दौरान पुलिस ने आमजनों से यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

