सरायकेला: घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरे कुचाई प्रखंड के सुदूरवर्ती जोमरो गांव में शुक्रवार को सुरक्षा के साथ सामाजिक सरोकार की तस्वीर भी देखने को मिली. 26वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), रांची ने रोलाहातु पंचायत के जोमरो में नागरिक कल्याण कार्यक्रम आयोजित कर एक साथ महिला कौशल विकास, युवा सशक्तिकरण और ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की पहल की.


कार्यक्रम के तहत ग्रामीण महिलाओं के लिए सिलाई- कढ़ाई प्रशिक्षण शुरू किया गया. युवाओं के लिए अल्बर्ट एक्का अंतर-ग्रामीण हॉकी प्रतियोगिता का उद्घाटन हुआ, जबकि सुरक्षा बलों, पुलिस और सेना में भर्ती की तैयारी से जुड़े ‘सुरक्षा वीर निर्माण कार्यक्रम’ के प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए.

कार्यक्रम में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, SSB के उप महानिरीक्षक मानवेन्द्र सिंह नागी, 26वीं वाहिनी SSB के कमांडेंट शाश्वत कुमार, पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी सहित प्रशासन, SSB और स्थानीय क्षेत्र के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
20 महिलाओं को सिलाई- कढ़ाई का प्रशिक्षण
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ. इसके बाद 26वीं वाहिनी SSB के कमांडेंट शाश्वत कुमार ने अतिथियों और ग्रामीणों का स्वागत किया. उन्होंने दुर्गम क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी दायित्वों के साथ नागरिक कल्याण, महिला कौशल विकास, खेल और युवाओं को रोजगार एवं सुरक्षा बलों में भर्ती की दिशा में तैयार करने के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी.

इसी क्रम में रोलाहातु पंचायत की 20 महिलाओं के लिए सिलाई- कढ़ाई प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई. प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा व्यावहारिक कौशल उपलब्ध कराना है, जिसके माध्यम से वे स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ा सकें. SSB के अनुसार प्रशिक्षण के जरिए महिलाओं की कार्यकुशलता बढ़ाने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा.
अल्बर्ट एक्का के नाम पर हॉकी प्रतियोगिता, मैदान में 16 टीमें
कार्यक्रम का दूसरा प्रमुख आकर्षण परमवीर चक्र से सम्मानित शहीद अल्बर्ट एक्का की स्मृति में आयोजित अल्बर्ट एक्का अंतर-ग्रामीण हॉकी प्रतियोगिता रही. प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल 16 ग्रामीण टीमें हिस्सा ले रही हैं.

SSB का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के साथ युवाओं में टीम भावना, अनुशासन, नेतृत्व और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है. प्रतियोगिता के माध्यम से सुदूरवर्ती गांवों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा.
सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए युवाओं को किया जा रहा तैयार
इस दौरान 26वीं वाहिनी SSB की ओर से संचालित ‘सुरक्षा वीर निर्माण कार्यक्रम’ के तहत प्रशिक्षण पूरा करने वाले युवाओं को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए. इस कार्यक्रम के जरिए ग्रामीण युवाओं को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और सेना की भर्ती के लिए तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है. प्रशिक्षण में शारीरिक दक्षता बढ़ाने के साथ अनुशासन, नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर ध्यान दिया गया.

प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और नियमित अभ्यास के साथ भर्ती की तैयारी जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया.
प्रशासन, सुरक्षा बल और ग्रामीणों के समन्वय पर जोर
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन, सुरक्षा बल और स्थानीय समुदाय के बीच समन्वय महत्वपूर्ण है. SSB की ओर से कहा गया कि सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों के साथ स्थानीय समुदाय के बीच नागरिक कल्याण, कौशल विकास, खेल, युवा सशक्तिकरण और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आगे भी चलाए जाएंगे.
कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं, खिलाड़ियों और युवाओं ने बड़ी संख्या में भागीदारी की. इस दौरान मुखिया सात्र सांगा, मुखिया मंगल सिंह मुंडा, भोंज सांगा, कालियन कांडीर, प्रधान हेंब्रम, अरविंद कुमार, बुधलाल सिंह सहित स्थानीय प्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे.

