खूंटी: पुलिस ने बाइक चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित अंतरजिला बाइक चोर गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की 19 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. इसके अलावा एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप, आठ मोबाइल फोन और दो मास्टर-की भी जब्त की गई हैं.


एसपी ऋषभ गर्ग के अनुसार 18 सितंबर को सूचना मिली थी कि सायको थाना क्षेत्र में बाइक चोरी से जुड़े कुछ लोग चोरी की मोटरसाइकिलों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनकी खरीद-बिक्री की तैयारी कर रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई.

सायको और अड़की में छापेमारी
एसपी ने बताया कि विशेष टीम ने सायको और अड़की थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर आठ आरोपियों को पकड़ा. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में खूंटी के अलावा सरायकेला- खरसावां जिले के भी लोग शामिल हैं. पुलिस अब इनके आपसी संपर्क और बाइक की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है. कार्रवाई के दौरान बरामद 19 मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों और उनके चोरी होने के स्थानों का सत्यापन किया जा रहा है. फर्जी नंबर प्लेट से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है.
नेटवर्क में और कौन, पुलिस कर रही जांच
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मोटरसाइकिलें किन-किन क्षेत्रों से चोरी की गई थीं और उन्हें कहां तथा किन लोगों को बेचने की तैयारी थी. गिरोह से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. मामले में सायको थाना कांड संख्या 15/2026 दर्ज कर बीएनएस की संबंधित धाराओं एवं मोटर वाहन अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है.

