जामताड़ा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जामताड़ा की ओर से जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को रक्तदान शिविर आयोजित किया गया. भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर में युवा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया और मानव सेवा का संदेश दिया.


भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर पूरे देश में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इसी क्रम में प्रदेश अध्यक्ष शशांक के नेतृत्व में पूरे राज्य में रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा के रूप में मना रहे हैं और उनके सेवा भाव से प्रेरणा लेकर समाजहित में योगदान दे रहे हैं.
उन्होंने कहा कि सेवा और समर्पण के संदेश को आगे बढ़ाते हुए कार्यकर्ताओं द्वारा रक्तदान किया जा रहा है. रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है. उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की.
कार्यक्रम संयोजक सह जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर कार्यकर्ताओं एवं लोगों ने घरों और मंदिरों में दीप जलाकर उनके दीर्घायु होने की कामना की. अभियान के दूसरे दिन युवा मोर्चा के बैनर तले रक्तदान शिविर आयोजित किया गया.
उन्होंने कहा कि 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाती रहेंगी.
मौके पर डॉ. नीलेश कुमार, जिला उपाध्यक्ष मोहन शर्मा, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, पूर्व जिला महामंत्री मितेश शाह, प्रवीण मिश्रा, आकाश साव, टिंकू साव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

