जामताड़ा: JBC District CM School of Excellence, Jamtara में शुक्रवार को विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक एवं निर्वाचन संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से Electoral Literacy Club (ELC) 2.0 के गठन को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य एबीमाइल टुडू ने की, जबकि संचालन ELC के नोडल शिक्षक विजयानंद तिवारी ने किया. कार्यक्रम में कक्षा 9 से 12 तक के सभी वर्गों के वर्ग-शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे. नोडल शिक्षक ने विद्यार्थियों को ELC 2.0 के उद्देश्य, लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता अधिकार एवं कर्तव्यों तथा निर्वाचन संबंधी जागरूकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि ELC 2.0 को विद्यार्थियों के बीच निर्वाचन साक्षरता बढ़ाने और उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करने के लिए सक्रिय मंच के रूप में संचालित किया जाएगा.


22 विद्यार्थियों को कार्यकारिणी में मिली जिम्मेदारी
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 9 से 12 तक के प्रत्येक वर्ग से दो-दो विद्यार्थियों का चयन ELC 2.0 की कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में किया गया. विभिन्न वर्गों से चयनित कुल 22 कार्यकारिणी सदस्यों ने आपसी चयन के माध्यम से वर्षा कुमारी को अध्यक्ष तथा रुद्र प्रताप सिंह को उपाध्यक्ष चुना.
परिवार और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान
विद्यालय के प्राचार्य एबीमाइल टुडू ने नवगठित ELC 2.0 के सदस्यों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार और समाज में भी निर्वाचन संबंधी जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक सोच और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है.
नोडल शिक्षक विजयानंद तिवारी ने कहा कि ELC 2.0 के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी ही नहीं मिलेगी, बल्कि उन्हें जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक के रूप में लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागी बनने का अवसर भी मिलेगा.
कार्यक्रम में रणधीर पांडेय, रिया डे, प्रियतोष साधु, दिव्येंदु कुमार, शिप्रा मांझी, सुप्रिया सोरेन, मो. नसीम अख्तर, डॉ. विक्की चौधरी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे. कार्यक्रम अपराह्न 2:30 बजे से 3:30 बजे तक चला और ELC 2.0 की कार्यकारिणी के गठन के साथ इसका समापन हुआ.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

